हरेली पर हरित जीपीएम का संकल्प, जिले में रोपे गए 3.36 लाख से अधिक पौधे

SHARE:

हरेली पर हरित जीपीएम का संकल्प, जिले में रोपे गए 3.36 लाख से अधिक पौधे

प्रभारी मंत्री राजेश अग्रवाल ने की जिला प्रशासन की पहल की सराहना, डोंगरिया में हुआ जिला स्तरीय वृक्षारोपण एवं हरेली उत्सव

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 12 अगस्त 2026। हरेली तिहार के अवसर पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली विस्तार को लेकर वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। हरित जीपीएम अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 3 लाख 36 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया गया। अभियान में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों, स्व-सहायता समूहों, अधिकारी-कर्मचारियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

जिला स्तरीय वृक्षारोपण एवं हरेली उत्सव का आयोजन चारागाह स्थल डोंगरिया में किया गया, जबकि मंचीय कार्यक्रम एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डोंगरिया के ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक कृषि यंत्र नागर एवं कोपर की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। प्रभारी मंत्री ने स्वयं पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

जनभागीदारी से हरित और सुंदर बनेगा जीपीएम

प्रभारी मंत्री राजेश अग्रवाल ने जिला प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि हरेली के पावन अवसर पर जनभागीदारी और जनसहयोग से जिले को हरा-भरा, स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जाना सराहनीय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप पर्यावरण संरक्षण और हरियाली विस्तार की दिशा में किए जा रहे ऐसे प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने अभियान की सफलता के लिए जिला प्रशासन और जिलेवासियों को बधाई दी।

विधायक प्रणव मरपच्ची ने बताया हरेली को खुशहाली का प्रतीक

विधायक एवं मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रणव कुमार मरपच्ची ने कहा कि हरेली तिहार खुशहाली और सुख-समृद्धि का प्रतीक है। इस अवसर पर पौधरोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि वृक्षारोपण आने वाली पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनाने का प्रभावी माध्यम है।

3.36 लाख से अधिक पौधों का रोपण

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने कहा कि हरित जीपीएम अभियान को समाज के सभी वर्गों के सहयोग और सहभागिता से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने जिलेवासियों से रोपित पौधों की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।

अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायतों, नगर पालिका एवं नगर पंचायत, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, छात्रावास-आश्रमों, स्वास्थ्य केंद्रों और शासकीय कार्यालय परिसरों के अलावा गौठानों, चारागाहों, सड़क एवं नदी किनारे, अमृत सरोवरों तथा प्रधानमंत्री आवास परिसरों सहित विभिन्न स्थानों पर 3 लाख 36 हजार से अधिक पौधे रोपे गए।

इनमें पाम, अशोक, आम, जामुन, अमरूद, नींबू, मुनगा, गुलाब जामुन, कटहल, हर्रा, बहेरा, करंज, आंवला, महुआ, सीताफल और बांस सहित विभिन्न वानिकी, फलदार एवं औषधीय प्रजातियों के पौधे शामिल हैं।

पौधों की सुरक्षा का लिया संकल्प

कार्यक्रम में उपस्थित जनसमुदाय ने रोपित पौधों की सुरक्षा, संरक्षण और नियमित देखभाल करते हुए उन्हें जीवित रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष समीरा पैकरा, उपाध्यक्ष राजा उपेन्द्र बहादुर सिंह, नगर पालिका परिषद गौरेला अध्यक्ष मुकेश दुबे, जनपद पंचायत मरवाही अध्यक्ष जानकी कुशरो, पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी, वनमंडलाधिकारी निशांत कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

5
Default choosing

Did you like our plugin?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ऐश्वर्य केडिया ने बढ़ाया जिले का मान,राज्यस्तरीय आर्चरी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, गुजरात में होने वाली नेशनल प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ऐश्वर्य केडिया ने बढ़ाया जिले का मान,राज्यस्तरीय आर्चरी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, गुजरात में होने वाली नेशनल प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई

राज्य

शहर चुनें