जीपीएम में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, विधायक धर्मजीत सिंह ने किया ध्वजारोहण

SHARE:

जीपीएम में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, विधायक धर्मजीत सिंह ने किया ध्वजारोहण

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ हर्ष और उल्लास के साथ मनाई गई। पेण्ड्रारोड के गुरुकुल खेल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं मुख्य अतिथि धर्मजीत सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जनता के नाम संदेश का वाचन किया।

समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान, वंदे मातरम और देशभक्ति गीतों के साथ हुई। ध्वजारोहण के बाद मुख्य अतिथि धर्मजीत सिंह ने कलेक्टर विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी एवं परेड कमांडर भूपेंद्र सिंह कुर्रे के साथ निरीक्षण वाहन में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने हाथ लहराकर उपस्थित लोगों का अभिवादन भी स्वीकार किया।

दस टुकड़ियों ने किया शानदार मार्च पास्ट

स्वतंत्रता दिवस समारोह में परेड की दस टुकड़ियों ने अनुशासन और कदमताल के साथ शानदार मार्च पास्ट किया। राष्ट्रगान की धुन पर जिला पुलिस बल द्वारा तीन राउंड हर्ष फायर किया गया। मुख्य अतिथि ने सभी प्लाटून कमांडरों से परिचय प्राप्त किया और उनके साथ फोटो सेशन भी किया।

परेड के सीनियर वर्ग में जिला पुलिस बल ने प्रथम, नगर सेना महिला वर्ग ने द्वितीय और वनमंडल की प्लाटून ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं जूनियर वर्ग में एनसीसी प्रथम, स्काउट्स द्वितीय और एनएसएस तृतीय स्थान पर रहा।

साइबर जागृति अभियान का शुभारंभ

समारोह के दौरान मुख्य अतिथि धर्मजीत सिंह ने साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले साइबर जागृति अभियान का शुभारंभ किया। अभियान के माध्यम से लोगों को साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।

इस अवसर पर शहीद स्वर्गीय शिव नारायण सिंह बघेल के परिवार को भी सम्मानित किया गया।

स्कूली बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

स्वतंत्रता दिवस समारोह में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय लाटा, पीएमश्री स्वामी आत्मानंद शासकीय कन्या विद्यालय पेण्ड्रा, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय नेवसा, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डोंगरिया और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय गौरेला के विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डोंगरिया ने प्रथम, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय गौरेला ने द्वितीय और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय लाटा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

49 व्यक्तियों और संस्थाओं का सम्मान

समारोह में उत्कृष्ट सेवाओं और उल्लेखनीय कार्यों के लिए 49 व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान जिले के विकास और जनसेवा से जुड़े कार्यों को भी प्रमुखता से रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम में मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में जिलेवासी उपस्थित रहे। पूरे समारोह के दौरान देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का माहौल बना रहा।

5
Default choosing

Did you like our plugin?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ऐश्वर्य केडिया ने बढ़ाया जिले का मान,राज्यस्तरीय आर्चरी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, गुजरात में होने वाली नेशनल प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ऐश्वर्य केडिया ने बढ़ाया जिले का मान,राज्यस्तरीय आर्चरी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, गुजरात में होने वाली नेशनल प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई

राज्य

शहर चुनें