जिला पंचायत में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा ने किया ध्वजारोहण, सीईओ मुकेश रावटे सहित अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 15 अगस्त 2026। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिला पंचायत, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक 03 पवन पैकरा ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे सहित जिला पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जिला पंचायत की ओर से विशेष तैयारियां की गई थीं। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा थीं, जिन्हें ध्वजारोहण करना था। हालांकि, उनके कार्यक्रम में उपस्थित नहीं होने के कारण उनकी अनुपस्थिति में जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा ने जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे के साथ ध्वजारोहण किया। जिला पंचायत अध्यक्ष के कार्यक्रम में नहीं पहुंचने के कारणों की जानकारी तत्काल उपलब्ध नहीं हो सकी।

ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान गाया और देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों एवं क्रांतिकारियों को नमन किया।

पवन पैकरा ने शहीदों को किया नमन
समारोह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा ने कहा कि देश की आजादी हमें असंख्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और क्रांतिकारियों के संघर्ष एवं बलिदान से मिली है। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में शहादत देने वाले वीरों को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए कहा कि आजादी का पर्व हमें देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का विषय नहीं, बल्कि देश के विकास और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी है। सभी को राष्ट्रहित में ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करते हुए देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत के अधिकारी-कर्मचारियों में उत्साह और उमंग का माहौल रहा। सभी ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध रहने का संकल्प लिया।









