मृत भालू के चार नाखून काटकर ले गए थे आरोपी, वन विभाग ने दो को पकड़ा

SHARE:

मृत भालू के चार नाखून काटकर ले गए थे आरोपी, वन विभाग ने दो को पकड़ा

डॉग स्क्वॉड की मदद से हुई पतासाजी, बरौर गांव से दो आरोपी गिरफ्तार; वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 4 सितंबर 2026। जिले के मरवाही वन परिक्षेत्र में मृत भालू के नाखून काटकर ले जाने के मामले में वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया है। आरोपियों के कब्जे से भालू के चार नाखून बरामद कर उन्हें विधिवत जब्त किया गया है। मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 3 सितंबर को मरवाही वृत्त के उसाढ़ परिसर स्थित कक्ष क्रमांक 2035 में एक भालू के मृत पाए जाने की सूचना वन विभाग को मिली थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मृत भालू के पिछले दाएं पंजे के चार नाखून गायब मिले।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने तत्काल सर्च और पतासाजी अभियान शुरू किया। डॉग स्क्वॉड की मदद से क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। जांच के दौरान वन विभाग की टीम ने सुदर्शन यादव (54), निवासी ग्राम बरौर और सूरज साहिस (20), निवासी ग्राम बरौर को पकड़ा। पूछताछ और कार्रवाई के दौरान दोनों के कब्जे से मृत भालू के चार नाखून बरामद हुए।

वन विभाग ने नाखूनों को विधिवत जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

पोस्टमार्टम के बाद भालू का किया गया दाह संस्कार

वन विभाग द्वारा सर्च एवं आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद मृत भालू का पशु चिकित्सकों की टीम की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। पशु चिकित्सकों के अनुसार प्रथम दृष्टया भालू की मौत तीव्र फेफड़ों के संक्रमण के कारण होना बताया गया है।

पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद मृत भालू का विधिवत दाह संस्कार किया गया। इस दौरान वनमंडलाधिकारी मरवाही कुमार निशांत सहित पशु चिकित्सकों की टीम और वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

वन विभाग ने की लोगों से अपील

वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी वन्यजीव के मृत पाए जाने पर उसके शव, अंग या अन्य अवशेषों के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करें। वन्यजीव से जुड़ी कोई भी घटना सामने आने पर तत्काल निकटतम वन विभाग कार्यालय को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

5
Default choosing

Did you like our plugin?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ऐश्वर्य केडिया ने बढ़ाया जिले का मान,राज्यस्तरीय आर्चरी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, गुजरात में होने वाली नेशनल प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ऐश्वर्य केडिया ने बढ़ाया जिले का मान,राज्यस्तरीय आर्चरी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, गुजरात में होने वाली नेशनल प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई

राज्य

शहर चुनें