विश्व पर्यटन दिवस पर जीपीएम जिले को मिला ‘सर्वश्रेष्ठ जिला प्रमोशन अवॉर्ड’
धनपुर की पुरासांस्कृतिक धरोहर पर आधारित कॉफी टेबल बुक का हुआ विमोचन, जिले की पर्यटन संभावनाओं को मिली नई पहचान
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 28 सितंबर 2026। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले ने पर्यटन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने तथा प्राकृतिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करने के उल्लेखनीय प्रयासों के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा जीपीएम जिले को ‘सर्वश्रेष्ठ जिला प्रमोशन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।

राजधानी रायपुर में 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड एवं छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन (सीजीटीटीए) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट मार्केटप्लेस’ कार्यक्रम के दौरान जिले को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।

धनपुर पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान जिले की महत्वपूर्ण पुरासांस्कृतिक धरोहर धनपुर पर आधारित आकर्षक कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया गया। पुस्तक में धनपुर की पुरातात्विक एवं सांस्कृतिक विशेषताओं, ऐतिहासिक महत्व और पर्यटन संभावनाओं को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है।

कॉफी टेबल बुक का विमोचन पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे, जीपीएम कलेक्टर विजय दयाराम के. तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे द्वारा किया गया।
पर्यटन मानचित्र पर धनपुर को नई पहचान दिलाने की पहल
कॉफी टेबल बुक के माध्यम से धनपुर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रदेश और देश के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने का प्रयास किया गया है। इससे धनपुर सहित जिले के अन्य पर्यटन एवं सांस्कृतिक स्थलों के प्रति पर्यटकों का आकर्षण बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध है जीपीएम
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ पुरातात्विक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से भी समृद्ध है। जिला प्रशासन द्वारा जिले के पर्यटन स्थलों की पहचान, संरक्षण, प्रचार-प्रसार तथा पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

‘सर्वश्रेष्ठ जिला प्रमोशन अवॉर्ड’ जिले के इन्हीं प्रयासों को मिली महत्वपूर्ण पहचान है। इस उपलब्धि से जीपीएम जिले को एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की दिशा में नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।








