पत्नी की हत्या के मामले में पति गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के गौरेला थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी खोडरी के ग्राम केंवची में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ डंडे से मारपीट की थी, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 अगस्त 2026 को प्रार्थी नरेश बैगा निवासी केंवची ने चौकी खोडरी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके माता-पिता के बीच घर से बिना बताए चले जाने की बात को लेकर आए दिन विवाद होता था। इसी दौरान 13 अगस्त की रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच आरोपी नन्दलाल बैगा ने अपने पुत्र नरेश और उसके दोस्त को जगाकर बताया कि उसने अपनी पत्नी बिरसिया बाई के सिर, चेहरे, सीने, हाथ और पैर में डंडे से मारपीट की है और वह कोई हलचल नहीं कर रही है।
परिजनों ने घर जाकर देखा तो बिरसिया बाई की मृत्यु हो चुकी थी। रिपोर्ट पर चौकी खोडरी थाना गौरेला में अपराध क्रमांक 343/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार खिलारी के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर तत्काल वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस टीम और एफएसएल अधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एवं सामग्री जब्त की। घटनास्थल का नजरी नक्शा तैयार किया गया तथा गवाहों के बयान दर्ज किए गए। मृतिका के शव का पोस्टमार्टम भी कराया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी नन्दलाल बैगा पिता स्व. बुद्ध, उम्र 49 वर्ष, निवासी उंराव पारा, केंवची को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त डंडा एवं खून लगा कपड़ा बरामद कर जब्त किया गया।
पुलिस के मुताबिक, प्रकरण में आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।









