26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का सुखद समापन
सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत के मुख्य आतिथ्य में हुआ पुरस्कार वितरण समारोह, बिलासपुर संभाग बना ओवरऑल चैंपियन
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 21 अगस्त 2026। चार दिवसीय 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुक्रवार को मल्टीपर्पस स्कूल पेंड्रा के असेंबली हॉल में गरिमामय समापन हुआ। कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत के मुख्य आतिथ्य में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं विजेता टीमों को सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के पांचों संभागों से 540 खिलाड़ियों और 100 से अधिक ऑफिशियल्स ने हिस्सा लिया। जिम्नास्टिक, ताइक्वांडो, कबड्डी एवं क्रिकेट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर संभाग ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।

समारोह की शुरुआत मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय गौरेला, अनीता शिक्षा निकेतन गौरेला तथा कुंजनबाई चौक से स्कूल अमरपुर पेंड्रा की छात्राओं ने पारंपरिक परिधान में लोकगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया।

खेल में हार नहीं, जीत या सीख मिलती है : सांसद महंत

मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल में हार नहीं होती, खिलाड़ी या तो जीतते हैं या सीखते हैं। उन्होंने कहा कि खेल स्वस्थ जीवनशैली के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, भाईचारे और सद्भावना की भावना को मजबूत करता है।
उन्होंने खिलाड़ियों को जीवन में कभी हार न मानने और अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर मेहनत एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल का मैदान जीवन में संघर्ष, अनुशासन और निरंतर प्रयास की सीख देता है।
विकास कार्यों के लिए 30 लाख रुपये की घोषणा
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा की मांग पर सांसद श्रीमती महंत ने फिजिकल कॉलेज मैदान के जीर्णोद्धार के लिए 20 लाख रुपये तथा पतगांवा में सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये, कुल 30 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की।

जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा ने कहा कि जीपीएम जिले में राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने प्रदेशभर से आए खिलाड़ियों को खेल भावना, जुनून और आत्मविश्वास के साथ निरंतर आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।

कलेक्टर श्री विजय दयाराम के ने स्वागत उद्बोधन में प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों एवं ऑफिशियल्स का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को प्रतिभा निखारने के साथ अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना विकसित करने का अवसर प्रदान करती हैं।

समापन समारोह में विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं विजेता टीमों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, नगर पालिका परिषद पेंड्रा अध्यक्ष श्री राकेश जालान, उपाध्यक्ष श्री शरद गुप्ता, पूर्व विधायक डॉ. के.के. ध्रुव, जनपद पंचायत पेंड्रा अध्यक्ष श्रीमती अजीत हेमकुंवर श्याम, श्री राकेश चतुर्वेदी, श्री मनीष श्रीवास, जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावटे, जिला शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश तिवारी, एसडीएम पेंड्रा रोड श्री अमित बेक सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।








