SBI पेंड्रा रोड में पेंशनरों का स्वागत एवं अभिनंदन, साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी

पेंड्रा रोड, गौरेला। भारतीय स्टेट बैंक शाखा पेंड्रा रोड द्वारा छत्तीसगढ़ प्रगतिशील पेंशन कल्याण संघ के पेंशनरों के लिए स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसबीआई पेंड्रा रोड के मुख्य प्रबंधक कामेश्वर चौधरी एवं स्टेट बैंक लीड बैंक के मैनेजर के.के. बघेल ने पेंशनरों का साल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत पेंशनर संघ के जिला सचिव प्रकाश नामदेव ने बैंक प्रबंधन एवं उपस्थित सभी पेंशनरों का स्वागत करते हुए की। उन्होंने शाखा प्रबंधक को पूर्व में सौंपे गए पत्र में उल्लेखित विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी एवं समस्याओं के समाधान का आग्रह किया।

लीड बैंक मैनेजर के.के. बघेल ने अपने उद्बोधन में साइबर क्राइम और डिजिटल अरेस्ट से बचाव के संबंध में पेंशनरों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पेंशनर समाज के अनुभवी एवं मार्गदर्शक वर्ग हैं, जिनका राष्ट्र निर्माण और समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि उनके अनुभवों का लाभ समाज को लगातार मिलता रहना चाहिए।
मुख्य प्रबंधक कामेश्वर चौधरी ने साइबर अपराध से बचने के लिए सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध लिंक को न खोलें और किसी भी प्रकार के लालच या प्रलोभन में आकर अनजान लिंक पर क्लिक न करें। उन्होंने बैंकिंग सेवाओं, विभिन्न योजनाओं एवं पेंशनरों से जुड़ी सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान अनुपम मैथ्यू, सुरेश त्रिपाठी, प्रकाश नामदेव, शंकर साहू एवं बलदेव तिवारी सहित अन्य पेंशनरों ने बैंकिंग सेवाओं एवं अपनी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से रखा। मुख्य प्रबंधक चौधरी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के संबंध में जानकारी दी।

पेंशनरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैंक प्रबंधन द्वारा अलग काउंटर की व्यवस्था करने तथा वरिष्ठ नागरिकों को काउंटर पर प्राथमिकता देने की बात कही गई। इसके साथ ही लोन एवं उस पर मिलने वाले ब्याज से संबंधित जानकारी भी पेंशनरों को दी गई। मुख्य प्रबंधक कामेश्वर चौधरी ने आश्वासन दिया कि बैंकिंग संबंधी किसी भी समस्या के लिए पेंशनर सीधे उनके चेंबर में आकर उनसे मिल सकते हैं और वे यथासंभव समस्या के समाधान का प्रयास करेंगे।
स्वागत एवं सम्मान की कड़ी में जिला सचिव प्रकाश नामदेव, एस.के. वर्मा, सुरेंद्र सिंह, श्रीमती आर. तोमर, एस.एस. खुसरो, रामनरेश शर्मा, मथुरा सोनी एवं शंकर साहू को साल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी पेंशनरों के लिए स्वल्पाहार की भी व्यवस्था की गई। सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में आयोजित कार्यक्रम में पेंशनरों ने बैंक की विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। अंत में आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।








