रोजगार मेले में 14 युवाओं का अंतिम चयन, कलेक्टर ने सौंपे नियुक्ति पत्र
224 अभ्यर्थियों ने लिया साक्षात्कार में हिस्सा, 5 निजी संस्थानों में 280 पद थे उपलब्ध
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही:- जिले के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आईटीआई गौरेला में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र द्वारा आयोजित इस रोजगार मेले में साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के बाद 14 युवाओं का अंतिम चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को मेले के समापन अवसर पर कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
कलेक्टर ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ उठाकर युवा अपने करियर को नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने चयनित युवाओं से कार्यस्थल पर ईमानदारी, अनुशासन और लगन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
280 पदों के लिए 224 अभ्यर्थियों ने दिया साक्षात्कार
रोजगार मेले में जिले के 5 निजी संस्थानों ने भाग लिया। विभिन्न पदों के लिए इन संस्थानों में कुल 280 रिक्तियां उपलब्ध थीं। रोजगार की उम्मीद लेकर पहुंचे 224 युवक-युवतियों ने साक्षात्कार में हिस्सा लिया। चयन प्रक्रिया के प्रारंभिक चरण में 60 अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जिसके बाद अंतिम चयन प्रक्रिया में 14 युवा सफल रहे।

बैगा युवाओं से कलेक्टर ने की चर्चा
रोजगार मेले के बाद कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने लाइवलीहुड कॉलेज गौरेला में मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजाति (बैगा) हितग्राहियों के लिए संचालित टैक्सी ड्राइवर प्रशिक्षण कोर्स का भी जायजा लिया। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं से चर्चा कर कोर्स पूरा करने के बाद रोजगार के संभावित अवसरों की जानकारी दी।

कलेक्टर ने प्रशिक्षणार्थियों को शत-प्रतिशत उपस्थिति बनाए रखने और पूरी लगन के साथ प्रशिक्षण पूरा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कौशल प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस दौरान डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आकांक्षा पांडेय भी उपस्थित रहीं।
27 सितंबर को मरवाही में लगेगा अगला रोजगार मेला

जिले में युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए अगला जिला स्तरीय रोजगार मेला 27 सितंबर को आईटीआई मरवाही में आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने जिले के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में शामिल होकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।








