42 श्रद्धालुओं का जत्था नर्मदा परिक्रमा के लिए रवाना, नगर पालिका अध्यक्ष-उपाध्यक्ष ने दिखाई हरी झंडी
गौरेला। राधे मोहन रामायण समिति गौरेला के 42 श्रद्धालुओं का जत्था पवित्र माँ नर्मदा की परिक्रमा के लिए रवाना हुआ। नगर पालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष मुकेश दुबे एवं उपाध्यक्ष रोशनी तापस शर्मा ने पूजा-अर्चना कर हरी झंडी दिखाते हुए श्रद्धालुओं को यात्रा के लिए रवाना किया।

नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे ने कहा कि माँ नर्मदा की परिक्रमा करना अत्यंत सौभाग्य की बात है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं की यात्रा मंगलमय एवं सुखद होने की कामना की। वहीं उपाध्यक्ष रोशनी तापस शर्मा ने श्रद्धालुओं को तिलक लगाकर एवं मीठा खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
अमरकंटक से शुरू होगी परिक्रमा
रामायण समिति के पदाधिकारियों के अनुसार यात्रा 13 दिनों की रहेगी। 42 श्रद्धालुओं का दल सबसे पहले अमरकंटक पहुंचेगा, जहां माँ नर्मदा के उद्गम स्थल पर संकल्प लेकर परिक्रमा प्रारंभ की जाएगी। यात्रा के दौरान दल मध्यप्रदेश से होते हुए महाराष्ट्र और गुजरात के भरूच स्थित नर्मदा के सागर संगम तक पहुंचेगा। इसके बाद दूसरे तट से होते हुए वापस अमरकंटक पहुंचकर परिक्रमा पूर्ण की जाएगी।

इस दौरान श्रद्धालु ओंकारेश्वर, महेश्वर, नेमावर और गरुड़ेश्वर सहित विभिन्न प्रमुख धार्मिक एवं तीर्थ स्थलों के दर्शन भी करेंगे।
धार्मिक आस्था से जुड़ी है नर्मदा परिक्रमा
हिंदू धार्मिक मान्यताओं में माँ नर्मदा को मोक्षदायिनी माना गया है। नर्मदा परिक्रमा को श्रद्धा, साधना और आध्यात्मिक यात्रा का प्रतीक माना जाता है। परंपरागत रूप से नर्मदा की परिक्रमा हजारों किलोमीटर की होती है और श्रद्धालु नदी के दोनों तटों से होकर अपनी यात्रा पूर्ण करते हैं।
बड़ी संख्या में नगरवासी रहे मौजूद

श्रद्धालुओं को विदाई देने के अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे, उपाध्यक्ष रोशनी तापस शर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष राखी सिंह गहलोत, कौशल मणि तिवारी, भगत मेठवानी, उमेश अग्रवाल, तापस शर्मा, शंकर सोनी, चन्द्रमोहन नामदेव, विकास केशरी, राजेश साहू, गोविंद सहाय, राकेश दुबे, मौसम ताम्रकार सहित रामायण समिति के सदस्य, नगर पालिका के पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे








