एलपीजी गैस उपभोक्ताओं को राहत, प्रशासन ने की वैकल्पिक व्यवस्था, अब समय पर होगी सिलेंडरों की होम डिलीवरी
सियाराम गैस एजेंसी की बुकिंग आसपास की एजेंसियों में हो रही ट्रांसफर, उपभोक्ताओं को मोबाइल पर मिलेगा अपडेट
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में एलपीजी गैस उपभोक्ताओं को सुचारू और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने वैकल्पिक व्यवस्थाएं की हैं। सियाराम गैस एजेंसी, गौरेला की सेवाओं और गैस वितरण को लेकर उपभोक्ताओं से मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने सुधारात्मक कदम उठाए हैं।

प्रशासन और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन द्वारा सियाराम गैस एजेंसी से जुड़े उपभोक्ताओं की ऑनलाइन गैस बुकिंग को आसपास की अन्य गैस एजेंसियों में नियमित रूप से ट्रांसफर किया जा रहा है। बुकिंग ट्रांसफर होने की सूचना कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से दी जा रही है।
इसके साथ ही, उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जरूरत के अनुसार गैस कनेक्शन भी नजदीकी गैस एजेंसियों में स्थानांतरित किए जा रहे हैं। इसकी जानकारी भी उपभोक्ताओं को मोबाइल पर स्वचालित संदेश के जरिए उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रशासन ने संबंधित गैस एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि वे ट्रांसफर की गई बुकिंग को स्वीकार कर निर्धारित समय-सीमा में उपभोक्ताओं के घर तक गैस सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित करें। वैकल्पिक व्यवस्था लागू होने के बाद गैस आपूर्ति को व्यवस्थित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
जिला प्रशासन और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। घरेलू गैस की निरंतर आपूर्ति बनाए रखने के लिए पर्याप्त वैकल्पिक प्रबंध किए गए हैं और सिलेंडरों का वितरण व्यवस्थित रूप से जारी रहेगा।
गैस संबंधी शिकायत के लिए जारी किया टोल-फ्री नंबर

यदि किसी उपभोक्ता को गैस बुकिंग या रिफिल प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी होती है, तो वे गैस कंपनी के राष्ट्रीय टोल-फ्री नंबर 1800-2333-555 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन ने उपभोक्ताओं को भरोसा दिलाया है कि गैस आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।








