जबलपुर से पेंड्रा पहुंचीं मां मन्नत वाली महाकाली, स्वागत में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब
भव्य आगमन यात्रा, आकर्षक झांकियों और विशेष फेस रिवील कार्यक्रम ने मोहा मन, धुमाल-डीजे की धुन पर झूमे भक्त; नवरात्रि में पेंड्रा में होंगे मां के दिव्य दर्शन
पेंड्रा, जिला जीपीएम। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा नगर में 13 अक्टूबर 2026 को मां मन्नत वाली महाकाली का भव्य आगमन हुआ। जबलपुर के प्रसिद्ध गाढ़ाफाटक में निर्मित मां महाकाली की प्रतिमा पहली बार पेंड्रा पहुंची, जहां उनके स्वागत के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। आकर्षक झांकियों, धुमाल-डीजे की गूंज, पुष्पवर्षा और मां के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो गया। भक्तों के बीच मां को प्रेमपूर्वक ‘पेंड्रा की महारानी’ के नाम से पुकारा जा रहा है।

मां के प्रथम दर्शन को लेकर पेंड्रा सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। गौरेला से पेंड्रा तक विभिन्न चौक-चौराहों पर भक्तों ने पुष्पवर्षा कर मां का स्वागत किया और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। खेरमाई चौक और संजय चौक, गौरेला से लेकर न्यू बस स्टैंड, टॉकीज रोड और बजरंग चौक, पेंड्रा तक श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही।
आकर्षक झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बनीं आकर्षण

जगत जननी महाकाली सेवा समिति, कम्पनी गार्डन, पेंड्रा के तत्वावधान में आयोजित आगमन यात्रा में छत्तीसगढ़ के दुर्ग की प्रसिद्ध नटराज धुमाल पार्टी सहित दिल्ली, प्रयागराज, बनारस, जबलपुर और अन्य शहरों से आए कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। शोभायात्रा में महाकाल अघोरी तांडव, शिव-पार्वती विवाह और बाहुबली हनुमान की झांकियों के साथ गोरिल्ला, भालू तथा भूतों की टोली ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

भव्य आतिशबाजी, एलईडी वॉल, फायर शो और विशेष फेस रिवील कार्यक्रम आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहे। जैन मोहल्ला तिराहे पर मां के फेस रिवील को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्सुकता दिखाई दी। स्थानीय यूट्यूबर्स और रील क्रिएटर्स ने भी आयोजन के विभिन्न दृश्यों को कैमरे में कैद किया, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए गए।

जबलपुर के प्रसिद्ध मूर्तिकार ने बनाई प्रतिमा
मां मन्नत वाली महाकाली की भव्य प्रतिमा का निर्माण जबलपुर के गाढ़ाफाटक के प्रसिद्ध मूर्तिकार मनोज बीपी पटेल ने किया है। प्रतिमा को पेंड्रा लाने की पहल को जबलपुर की वृहत महाकाली महोत्सव समिति के अध्यक्ष शशिकांत गुप्ता (मुन्ना भैया) ने भी सराहा था। उन्होंने इसे श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक बताते हुए कहा था कि मां अपने भक्तों को स्वयं अपने दरबार में बुलाती हैं।

इस पहल से अब जबलपुर की प्रसिद्ध गाढ़ाफाटक बड़ी महाकाली के प्रति आस्था रखने वाले पेंड्रा और आसपास के श्रद्धालुओं को भी मां के दर्शन का अवसर मिलेगा।
नवरात्रि में पेंड्रा में होंगे मां के दिव्य दर्शन
आयोजनकर्ता समिति के सदस्यों ने बताया कि जबलपुर की गाढ़ाफाटक बड़ी महाकाली के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। भक्त मां के दरबार में अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं और सुख-समृद्धि की प्रार्थना करते हैं। जो श्रद्धालु किसी कारणवश जबलपुर नहीं जा पाते, उन्हें अब पेंड्रा में नवरात्रि के दौरान मां मन्नत वाली महाकाली के दिव्य दर्शन का अवसर मिलेगा।

समिति ने विश्वास जताया कि मां महाकाली की कृपा से क्षेत्र में सुख-समृद्धि बनी रहेगी और धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलेगी।
समिति ने श्रद्धालुओं का जताया आभार
जगत जननी महाकाली सेवा समिति ने ऐतिहासिक आगमन यात्रा में शामिल हुए श्रद्धालुओं, भक्तजनों, कलाकारों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समिति के सदस्यों ने कहा कि भक्तों के अपार प्रेम, सहयोग और उत्साह से आयोजन भव्य एवं यादगार बन सका।
मां मन्नत वाली महाकाली के आगमन के साथ ही पेंड्रा नगर में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला। भव्य शोभायात्रा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और श्रद्धालुओं की भागीदारी ने इस आयोजन को क्षेत्र के धार्मिक एवं सांस्कृतिक जीवन की यादगार घटना बना दिया।








