अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर भाजपा नेताओं ने किया नमन, राष्ट्रसेवा और सुशासन के योगदान को किया याद

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान भाजपा नेताओं ने अटल जी के राष्ट्रहित, सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसेवा के प्रति समर्पण को याद किया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष लालजी यादव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कन्हैया राठौर, जिला महामंत्री कुबेर सर्राटी, नगरपालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे, राखी गहलोत, शिव शर्मा, राजकुमार, रोहणी, सिद्धार्थ दुबे, संतोष तिवारी एवं लक्ष्मी तुर्केल,महेश राठौर सहित भाजपा पदाधिकारी, युवा मोर्चा के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अटल जी का जीवन राष्ट्रसेवा की प्रेरणा
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे विराट व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपने संपूर्ण राजनीतिक जीवन में राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनकी सरलता, सहज व्यक्तित्व, प्रभावशाली वक्तृत्व शैली, दूरदर्शी नेतृत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता आज भी देशवासियों को प्रेरणा देती है।
वक्ताओं ने कहा कि अटल जी ने प्रधानमंत्री के रूप में देश को विकास, सुशासन और अधोसंरचना के क्षेत्र में नई दिशा देने के साथ ही वैश्विक मंच पर भारत की मजबूत पहचान स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके विचार, आदर्श और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव मार्गदर्शक बने रहेंगे।
पुष्प अर्पित कर लिया राष्ट्रसेवा का संकल्प
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के अंत में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके बताए राष्ट्रसेवा, जनसेवा और सुशासन के मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प लिया।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि अटल जी भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार और राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण हमेशा देशवासियों के हृदय में जीवित रहेगा।









