गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: जिले में बैगा विकास अभिकरण के अध्यक्ष और सदस्यों के चयन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मामले को लेकर बैगा समाज के जिला अध्यक्ष प्रेम लाल बैगा ने आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त को लिखित आवेदन सौंपकर चयन प्रक्रिया की समीक्षा करने और बैगा समाज के प्रमुखों एवं सदस्यों से चर्चा के बाद अध्यक्ष व सदस्यों का चयन करने की मांग की है।
प्रेम लाल बैगा द्वारा दिए गए आवेदन में कहा गया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी सामने आई है कि जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में बैगा विकास अभिकरण के अध्यक्ष और सदस्यों का चयन जनपद पंचायत के माध्यम से नाम मांगकर किया गया है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि चयन प्रक्रिया में जिले के बैगा समाज के प्रमुखों को संज्ञान में नहीं लिया गया।
आवेदन में सोशल मीडिया में प्रसारित जानकारी का उल्लेख करते हुए बलदेव पिता बृजमोहन मरवाही का नाम भी सदस्य के रूप में चयनित किए जाने की बात कही गई है। प्रेम लाल बैगा ने आवेदन में दावा किया है कि उक्त नाम को लेकर बैगा समाज की आपत्ति है। उन्होंने संबंधित व्यक्ति का नाम बैगा विकास अभिकरण की सदस्य सूची से बाहर किए जाने की मांग की है।
समाज के प्रमुखों से चर्चा कर चयन की मांग
बैगा समाज के जिला अध्यक्ष प्रेम लाल बैगा ने सहायक आयुक्त से मांग की है कि बैगा समाज के सदस्यों और प्रमुखों से नामों को लेकर चर्चा की जाए तथा उनकी राय को ध्यान में रखते हुए बैगा विकास अभिकरण के अध्यक्ष और सदस्यों का चयन किया जाए, जिससे चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
उन्होंने कहा कि बैगा समाज से जुड़े महत्वपूर्ण पदों पर चयन करते समय समाज के प्रमुखों और सदस्यों की सहभागिता सुनिश्चित होना जरूरी है। आवेदन में सोशल मीडिया पर प्रसारित बैगा विकास अभिकरण के अध्यक्ष एवं सदस्यों के नामों से संबंधित छायाप्रति भी संलग्न की गई है।
आवेदन की एक प्रति जिला कलेक्टर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही को भी सूचनार्थ दी गई है। अब इस मामले में प्रशासन द्वारा चयन प्रक्रिया और समाज की ओर से उठाई गई आपत्तियों पर क्या रुख अपनाया जाता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।








