सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं को मिली नई उड़ान, जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा ने किया साइकिल वितरण
ग्राम पंचायत कोरजा के स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित हुआ कार्यक्रम, छात्राओं को दीं शुभकामनाएं
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के तहत जिला पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कोरजा स्थित स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय में साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा मुख्य रूप से शामिल हुए और छात्राओं को साइकिल वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि साइकिल मिलने से अब उन छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सुविधा होगी, जो पहले लंबी दूरी पैदल तय कर विद्यालय पहुंचती थीं। उन्होंने छात्राओं को साइकिल मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए सरकार की ऐसी योजनाएं छात्राओं के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित हो रही हैं।

पवन पैकरा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं से प्रदेश में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और उन्हें स्कूल तक आसानी से पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन की शिक्षा एवं जनकल्याणकारी नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे विद्यार्थियों तक पहुंच रहा है। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच कमलेश रौतेल, उपसरपंच अभिलाष सोनी, विद्यालय के प्राचार्य विष्णु प्रसाद कुर्रे सहित शिक्षक कृष्ण पाल उइके, सौरभ साहू, चंदूलाल सिंगरौल, विमल कुमार रोहिणी, राजकुमार कश्यप, दुर्गा प्रसाद साहू तथा शिक्षिकाएं कविता नामदेव, आसीता श्रीवास, दीपिका गुप्ता और मोहिनी तिवारी सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं अन्य उपस्थित रहे।

साइकिल वितरण के दौरान छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। छात्राओं ने साइकिल मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए शासन की इस योजना को अपनी पढ़ाई के लिए उपयोगी बताया।








