GPM के सभी 80 छात्रावासों-आश्रमों में पालक-बालक सम्मेलन एवं नेवता भोज

SHARE:

GPM के सभी 80 छात्रावासों-आश्रमों में पालक-बालक सम्मेलन एवं नेवता भोज

धनौली में विधायक प्रणव मरपच्ची, कलेक्टर विजय दयाराम के. और जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा ने पालकों व विद्यार्थियों से किया संवाद

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही | जिले में छात्रावासों एवं आश्रमों में निवासरत विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, स्वास्थ्य, पोषण, अनुशासन एवं सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले के सभी 80 छात्रावासों-आश्रमों में एक साथ पालक-बालक सम्मेलन एवं नेवता भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं पालकों के बीच संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों की जानकारी ली गई। विभिन्न छात्रावासों एवं आश्रमों में विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री का वितरण भी किया गया।

धनौली में हुआ विशेष आयोजन

गौरेला विकासखंड के ग्राम धनौली स्थित विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा आवासीय विद्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मरवाही विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रणव कुमार मरपच्ची, कलेक्टर विजय दयाराम के., जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे के साथ जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 03 के सदस्य पवन पैकरा विशेष रूप से शामिल हुए।

इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विद्यार्थियों और पालकों से आत्मीय संवाद करते हुए बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य, छात्रावास की व्यवस्थाओं तथा उनकी अन्य आवश्यकताओं की जानकारी ली।

पवन पैकरा ने बढ़ाया बैगा विद्यार्थियों का उत्साह

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा ने विशेष रूप से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक किया और नियमित रूप से पढ़ाई कर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

पवन पैकरा ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों और समाज के भविष्य को बेहतर बनाने का सबसे मजबूत माध्यम है। विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समाज के बच्चों को बेहतर शिक्षा के अवसर मिलना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने पालकों से भी बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने और विद्यालय एवं छात्रावास प्रबंधन के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने की अपील की।

विधायक ने पीएम जनमन योजना की जानकारी दी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने कहा कि गौरेला विकासखंड विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा बहुल क्षेत्र है। दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक सड़क, बिजली, पानी, आवास और मोबाइल नेटवर्क जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पीएम जनमन योजना संचालित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। पालक-बालक सम्मेलन विद्यार्थियों, पालकों एवं विद्यालय प्रबंधन के बीच संवाद का बेहतर माध्यम है और ऐसे आयोजनों को निरंतर आयोजित किया जाना चाहिए।

विधायक ने धनौली शाला परिसर में विद्यार्थियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा दो भवनों के जीर्णोद्धार के लिए स्वीकृत 40 लाख रुपये की जानकारी भी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कलेक्टर ने पालकों से नियमित संवाद की अपील की

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने पालकों से कहा कि वे अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई, स्वास्थ्य एवं अन्य गतिविधियों पर निरंतर ध्यान दें तथा छात्रावास अधीक्षक एवं शिक्षकों के साथ नियमित संवाद बनाए रखें।

उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं एवं कार्यक्रम को लेकर उनकी प्रतिक्रिया भी जानी। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने, अनुशासन का पालन करने और अपने भविष्य के प्रति गंभीरता से प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।

कलेक्टर ने कहा कि जिले के सभी 80 छात्रावासों-आश्रमों में एक साथ पालक-बालक सम्मेलन आयोजित करने का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं पालकों से सीधा संवाद स्थापित करना है। ऐसे आयोजन बच्चों की आवश्यकताओं को समझने, उनकी समस्याओं का समाधान करने तथा पालकों की सहभागिता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

धोबहर छात्रावासों में भी पहुंचे कलेक्टर

धनौली कार्यक्रम में शामिल होने से पहले कलेक्टर विजय दयाराम के. ने पंडित मोतीलाल नेहरू आदिवासी बालक छात्रावास धोबहर तथा पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास धोबहर में आयोजित पालक-बालक सम्मेलन में भी सहभागिता की। उन्होंने छात्रावासों की व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों की जानकारी ली तथा विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री का वितरण भी किया गया।

एक साथ बैठकर किया नेवता भोज

कार्यक्रम के अंत में विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची, कलेक्टर विजय दयाराम के., जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा, अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पालकों एवं विद्यार्थियों ने एक साथ बैठकर नेवता भोज किया।

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ बैठकर भोजन करने से विद्यार्थियों और पालकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम ने प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, पालकों और विद्यार्थियों के बीच आत्मीय संवाद और सहभागिता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष लुसान सिंह राठौर, सेमरा मंडल अध्यक्ष एडवोकेट अजय तिवारी, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष शंकर लाल चक्रधारी, क्षेत्रीय जनपद सदस्य अनारकली, ग्राम पंचायत सरपंच पूजा कोल सहित जिला एवं मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-अधीक्षक, पालक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

5
Default choosing

Did you like our plugin?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ऐश्वर्य केडिया ने बढ़ाया जिले का मान,राज्यस्तरीय आर्चरी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, गुजरात में होने वाली नेशनल प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ऐश्वर्य केडिया ने बढ़ाया जिले का मान,राज्यस्तरीय आर्चरी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, गुजरात में होने वाली नेशनल प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई

राज्य

शहर चुनें